पेयजल और बिजली की समस्या के समाधान के लिए टीएल बैठक में समीक्षा के निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। 31 जुलाई 2026 शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभी गुप्ता ने पाली विकासखंड के वार्ड क्रमांक 6 एवं वार्ड क्रमांक 13 स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों तथा ग्राम गिंजरी के आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे नाश्ते एवं भोजन की गुणवत्ता स्वयं चखकर परखी तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को दी जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों से कविता, वर्णमाला एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे तथा उनके सीखने के स्तर का भी अवलोकन किया। उन्होंने पोषण वाटिका, पूरक पोषण आहार, साफ-सफाई एवं केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वार्ड क्रमांक 6 स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत 52 बच्चों में से 32 बच्चे उपस्थित मिले। यहां 10 गर्भवती एवं 4 धात्री महिलाओं का पंजीयन पाया गया, जिनकी नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। वहीं वार्ड क्रमांक 13 के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में 63 पंजीकृत बच्चों में से 35 बच्चे उपस्थित मिले। यहां 7 गर्भवती एवं 7 धात्री महिलाओं का पंजीयन है।
निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों में पेयजल एवं बिजली संबंधी समस्याएं सामने आने पर कमिश्नर श्रीमती सुरभी गुप्ता ने कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय को निर्देश दिए कि इन समस्याओं की समय-सीमा (टीएल) बैठक में समीक्षा कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराया जाए। ग्राम गिंजरी स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान 53 पंजीकृत बच्चों में से 36 बच्चे उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान काजल बैगा की कुपोषित पुत्री आयांशी बैगा की स्थिति पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने परिजनों को बच्चे को 14 दिनों तक अस्पताल में भर्ती कर समुचित उपचार कराने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार एवं पोषण मिलने से बच्चा कुपोषण से बाहर आ सकेगा। गिंजरी केंद्र में 7 गर्भवती महिलाओं में से एक महिला हाई रिस्क श्रेणी में चिन्हित पाई गई। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को उसके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्रीमती सुरभी गुप्ता ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को फल की टोकरी भी भेंट की। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि बच्चों को खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली श्रीमती मीनाक्षी इंगले, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती दिव्या गुप्ता सहित खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
