स्टेडियम में प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिकों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

स्टेडियम में प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिकों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक


Junaid Khan - शहडोल। 20 सितंबर 2026। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा ही संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशन में अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, जनभागीदारी एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्टेडियम परिसर में प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिकों के बीच स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका अधिकारियों ने नागरिकों से कहा कि स्वस्थ रहने के लिए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है। इसी प्रकार स्वस्थ, सुंदर एवं स्वच्छ शहर के निर्माण के लिए शहर को साफ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि सभी जोन प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि जिन स्थानों पर लोग कचरा फेंकते हैं, उन्हें चिन्हित कर वहां से कचरा हटाया जाए तथा स्थान की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आसपास के नागरिकों को समझाइश देकर सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न डालने के लिए जागरूक किया जाए। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों, दुकानों एवं संस्थानों से निकलने वाला कचरा केवल कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें और इधर-उधर कचरा न फेंककर शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता करने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न करने तथा समय-समय पर श्रमदान कर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ शहडोल के निर्माण में सहभागिता का संकल्प भी दिलाया।

Previous Post Next Post