फाइनल मुकाबले में डीएफए शहडोल रही उपविजेता,डीएफए इंदौर बनी चैंपियन

जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने शायराना अंदाज़ में बढ़ाया बालिका खिलाड़ियों का हौसला


Junaid Khan - शहडोल। मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के निर्देशन में इंदौर जिला फुटबॉल संघ एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में ब्रह्मलीन स्वर्गीय श्री एस.आर. देव जी की पावन स्मृति में आयोजित जूनियर अंतर जिला बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता–2026 का भव्य एवं ऐतिहासिक समापन समारोह आज स्थानीय हाई स्कूल स्टेडियम ग्राउंड, महू में संपन्न हुआ। आयोजक इंदौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव श्री नीरज शर्मा एवं उपाध्यक्ष श्री अमित शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय श्री अनीश मिश्रा जी, सुश्री ज्योति कपूर जी (सीईओ, कैंट बोर्ड महू) एवं श्री हिदायतुल्लाह खान जी (जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में रिलायंस फाउंडेशन के सीएसआर हेड श्री राजीव श्रीवास्तव,श्री सतीश अग्रवाल (कार्यालय अधीक्षक, कैंट बोर्ड महू) एवं श्री विजय कुमार विजयवर्गीय (उपाध्यक्ष, पत्रकार संघ महू) ने उपस्थित रहकर बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। जिला न्यायाधीश श्री हिदायत उल्ला खान ने खिलाड़ियों को जन्माष्टमी के पावन पर्व पर श्रीकृष्ण का संदेश याद दिलाते हुए कहा कि खेल के मैदान से सीखी गई टीम भावना और अनुशासन को अपने जीवन में उतारना चाहिए और परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने कर्तव्य के पथ से विचलित नहीं होना चाहिए।

अविशी गोधा के गोल से इंदौर बना चैंपियन

प्रतियोगिता का खिताबी एवं बेहद रोमांचक मुकाबला डीएफए इंदौर एवं डीएफए शहडोल के मध्य खेला गया। मैच की शुरुआत से ही इंदौर की टीम ने शानदार एवं आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए शहडोल पर लगातार दबाव बनाए रखा। मैच के 5वें मिनट में इंदौर की जर्सी नंबर 18 अविशी गोधा ने शानदार फ्री-किक के माध्यम से गोल करते हुए अपनी टीम को 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी।

मध्यांतर के बाद डीएफए शहडोल की टीम ने शानदार वापसी करते हुए लगातार आक्रमण किए और स्कोर बराबर करने के कई प्रयास किए, लेकिन डीएफए इंदौर की मजबूत रक्षापंक्ति ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शहडोल के सभी प्रयासों को विफल कर दिया अंततः अंतिम सीटी बजते ही डीएफए इंदौर ने 1-0 से शानदार जीत दर्ज कर जूनियर अंतर जिला बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता–2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।

बारिश के बावजूद खिलाड़ियों के जज्बे की अतिथियों ने की सराहना 

सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में इंदौर जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि बारिश के बावजूद बालिका खिलाड़ियों ने जिस उत्साह, संघर्ष और खेल भावना का प्रदर्शन किया, वह अत्यंत प्रेरणादायक है अतिथियों ने महिला फुटबॉल को प्रोत्साहित करने के लिए इंदौर जिला फुटबॉल संघ के प्रयासों की भी प्रशंसा की। सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत इंदौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव नीरज शर्मा, चेयरमैन जगदीशचंद खोड़े, सुरेश डामोर, एस.एम. सलीम, यशवंत कौशल, ओ.पी. बाथम, अशोक पिल्ले, प्रवीण कांबले, जयेश मार्टिन, अमित शुक्ला, रमीज राजा, अनुराग मुनीम, विक्रम शक्तावत, अंकित चिराउड़े, मनोज शर्मा, अविनाश यादव, रवि खोड़े, आशीष राव एवं कोच मो. अयान खान द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा श्री कृष्णा भाटी को चयनकर्ता नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता के सफल संचालन में मध्यप्रदेश मैच कमिश्नर मुस्ताक कुरैशी, ज्वाला डहरवाल (बालाघाट), शालिनी यादव (भोपाल), करुणा मिश्रा, मुस्कान जाटव, रजनी चौधरी एवं अनीता वंशकार (सभी नरसिंहपुर) ने ऑफिशियल्स के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर मध्य भारत सिविल हॉस्पिटल द्वारा एंबुलेंस एवं मेडिकल स्टाफ की सुविधा उपलब्ध कराने वाले समस्त सदस्यों तथा कैंट बोर्ड के सफाई कर्मियों का भी अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन फुटबॉल संघ उपाध्यक्ष अमित शुक्ला द्वारा किया गया तथा अंत में इंदौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव नीरज शर्मा ने उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Previous Post Next Post