कानून व्यवस्था मजबूत करने और मैदानी कसावट के लिए एसपी का बड़ा कदम
Junaid Khan - शहडोल। जिले में बेहतर कानून व्यवस्था कायम रखने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और प्रशासनिक कसावट को अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से शहडोल पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी ताजा आदेश के तहत विभाग में प्रशासनिक सर्जरी करते हुए कई महत्वपूर्ण थानों और शाखाओं के प्रभारियों के दायित्वों में फेरबदल किया गया है। इस फेरबदल के तहत महिला थाना प्रभारी संजय जायसवाल को स्थानांतरित कर सोहागपुर थाना प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संजय जायसवाल की कार्यशैली और पूर्व में महिला थाना में तैनाती के दौरान महिला सुरक्षा व त्वरित जनसुनवाई को लेकर किए गए सराहनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें इस संवेदनशील व शहरी थाना क्षेत्र का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, दूसरी ओर सोहागपुर थाने की कमान संभाल रहे वरिष्ठ निरीक्षक आर.पी. रावत को पुलिस कंट्रोल रूम स्थानांतरित करते हुए कंट्रोल रूम प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल को राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की उस मंशा से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें जिले के प्रमुख शहरी व ग्रामीण इलाकों में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और जनउन्मुख बनाना प्राथमिकता है। पुलिस महकमे के जिम्मेदार अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार के नियमित फेरबदल से मैदानी स्तर पर तैनात अधिकारियों की कार्यक्षमता में इजाफा होता है और कानून व्यवस्था को नई दिशा मिलती है। सोहागपुर जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र में संजय जायसवाल की पदस्थापना से जहां क्षेत्र में अपराधियों पर नकेल कसने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं कंट्रोल रूम जैसे महत्वपूर्ण समन्वय केंद्र पर आर.पी. रावत के लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ पूरे जिले की पुलिसिंग को मिलेगा। प्रशासन के इस निर्णय को जिले में चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था और जनहितैषी पुलिसिंग की दिशा में एक प्रभावी व सराहनीय कदम माना जा रहा है।
