पुरानी रंजिश को लेकर मेडिकल चौराहे पर खूनी हमला, युवक के गले में घोंपी नुकीली चीज

बस एजेंट से विवाद के बाद वारदात,आरोपी ने सरेराह लहराया हथियार, पुलिस ने दर्ज किया जानलेवा हमले का मामला


Junaid khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम और संवेदनशील माने जाने वाले मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास बीते सोमवार की शाम एक सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नफीस बस सर्विस में काम करने वाले 19 वर्षीय बस एजेंट अल्तमस कबीर अंसारी पर पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अनुज पटेल ने सरेराह हमला कर दिया। विवाद के दौरान आरोपी ने युवक पर किसी धारदार और नुकीले हथियार से हमला कर उसके गले पर गंभीर वार किया, जिससे खून की धारा बह निकली। गंभीर रूप से घायल युवक को लहूलुहान हालत में देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सरेआम जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। लेन-देन और चांदी की चैन का विवाद बनी वजह घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अल्तमस कबीर अंसारी ने लगभग 15 दिन पूर्व पांडवनगर निवासी अनुज पटेल से 6,000 रुपये उधार लिए थे और धरोहर के रूप में अपनी चांदी की चैन उसके पास रखी थी। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस कर चैन मांगी, तो आरोपी ने चैन बेच देने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच नोकझोंक हुई थी। इसी रंजिश को पालकर बैठे आरोपी अनुज पटेल ने सोमवार शाम लगभग 7:00 बजे मेडिकल चौराहे के पास पीड़ित को अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास छिपे नुकीले हथियार से सीधा गले पर हमला कर दिया। सुहागपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बीएनएस की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज घटना के तुरंत बाद पीड़ित अपने साथी के साथ लहूलुहान हालत में सुहागपुर थाने पहुंचा, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल उपचार हेतु भेजा। डॉक्टरों द्वारा गले पर नुकीले वस्तु (Sharp Object) से वार किए जाने की पुष्टि के बाद पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी अनुज पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296(b), 115(2), 351(3) एवं 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य चौराहे पर वारदात से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल शहर के प्रमुख और चहल-पहल वाले मेडिकल कॉलेज चौराहे पर सरेशाम हुई इस खूनी झड़प ने स्थानीय पुलिसिंग और गश्त व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य तिराहे पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बना रहता है, जिसके कारण आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Previous Post Next Post