पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने गौशाला का किया भ्रमण
Junaid khan - शहडोल। शनिवार, 20 दिसम्बर 2025, को पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष प्रोफेसर नीलिमा खरे के मार्गदर्शन में एम एस डब्ल्यू (मास्टर ऑफ सोशल वर्क) के विद्यार्थियों द्वारा फील्ड वर्क कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय श्री कृष्ण गोपाल गौशाला विचारपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस दौरान छात्रों ने गौशाला की कार्यप्रणाली, पालतू पशुओं की देखभाल व्यवस्था एवं सामाजिक भूमिका का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। प्रवीण नामदेव ने बताया कि कृषि वैज्ञानिक डॉ भानु प्रताप सिंह ने विचारपुर में चारागाह भूमि पर गौशाला संचालन की सलाह दी, तत्कालीन एस डी एम श्री गजेंद्र सिंह ने सहयोग देकर गौशाला संचालन में मदद की। शुरू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जैसे दूर नदी से पानी लाना पड़ता था, उस समय समिति के सदस्यों व्यास नारायण पाठक, संजीव द्विवेदी, इस्तियाक ,पवन ,साकेत सिंघानिया, प्रवीण नामदेव, राजेश निर्मलकार,विकास चपरा,अभिषेक श्रीवास्तव, आदि के द्वारा स्वयं के ख़र्चे से गौशाला का संचालन किया जाता था। बाद में समिति का गौ संवर्धन बोर्ड से पंजीयन हुआ। गौशाला में गांव के कई परिवारों को रोजगार दिया जा रहा है। गोबर से जैविक खाद व कंडे का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में 150 से ज्यादा गौवंश का संवर्धन एवं संरक्षण किया जा रहा है। साथ ही चारागाह भूमि का भी संरक्षण किया जा रहा है। जिसमें आसपास के हजारों गौवंश आकर चरते हैं, भ्रमण के समय विद्यार्थियों ने गौशाला में रह रही गायों के भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल एवं पुनर्वास व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने गौशाला संचालकों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और चुनौतियों को भी समझा। इस अवसर पर छात्रों ने पशु कल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा भावना के महत्व पर चर्चा की। साथ ही गौशाला को स्वावलंबी बनाने हेतु दान, स्वयंसेवा एवं जन जागरूकता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। संस्थान के मार्गदर्शक शिक्षक नितिन गर्ग ने बताया कि इस प्रकार के फील्ड वर्क से छात्रों को समाजिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव मिलता है तथा उनमें करुणा, जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास होता है। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताया। विजिटिंग फैकल्टी नितिन गर्ग , डॉ चंद्रकांत त्रिपाठी, अर्पित दुबे ,एम एस डब्ल्यू से पुष्पलता सिंह, आयुष मिश्रा, रामबाबू पटेल, विद्या सिंह, मुस्कान शुक्ला, कीर्ति पाव, शाहीन खान, श्वेता तिवारी, सविता सिंह, उमा प्रजापति, अनामिका शर्मा, पिंकी कुशवाहा आदि सभी विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
