देवराउ जंगल के पास वारदात, गंभीर घायल; पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की आरोपियों की तलाश
Junaid khan - शहडोल। जिले में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला ब्यौहारी थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एसबीआई कियोस्क संचालक पर डंडों से हमला कर 25 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान लूट लिया। गंभीर रूप से घायल संचालक का सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
रात 08 बजे लौटते समय घेरकर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम साखी निवासी कुंजेश सिंह बैस पिता स्व. भगवान दास, खरपा चौराहे पर संचालित एसबीआई कियोस्क बंद कर शुक्रवार रात करीब 08 बजे अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे देवराउ जंगल के समीप पहुंचे, पीछे से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने बिना कुछ कहे डंडों से उनके चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। अचानक हुए हमले से वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। बैग से 25 हजार नगद और सामान लेकर फरार हमलावरों ने घायल अवस्था में पड़े कुंजेश के बैग की तलाशी ली और उसमें रखे लगभग 25 हजार रुपये नगद, जरूरी दस्तावेज एवं अन्य सामान लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात सुनसान क्षेत्र में होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी। घायल ने दिखाई हिम्मत, डायल 112 को किया फोन। गंभीर चोटों के बावजूद कुंजेश सिंह ने हिम्मत जुटाकर डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ब्यौहारी पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। क्षेत्र में दहशत, पुलिस की सख्ती बढ़ी घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में आए दिन असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
