फॉग लाइट बदलवाने पहुंचे ग्राहक से अभद्रता, वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
Junaid khan - शहडोल। सोहागपुर क्षेत्र में एक ऑटो पार्ट्स दुकान संचालक पर ग्राहक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचेर मोहल्ला निवासी मंगलेश्वर तोमर ने बताया कि उन्होंने बाणगंगा तिराहा स्थित एक ऑटो पार्ट्स दुकान से लगभग तीन माह पूर्व वाहन के लिए फॉग लाइट खरीदी थी। कुछ ही समय बाद फॉग लाइट खराब हो गई। जब वे सामान बदलवाने दुकान पर पहुंचे, तो संचालक ने कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित का आरोप है कि बात बढ़ने पर संचालक ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दुकान से भगा दिया। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाए जाने के बाद उस पर दबाव बनाया गया और मामला दर्ज कराने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उस पर जबरन माफी मंगवाकर वीडियो सोशल मीडिया पर भी डलवाया गया, जिसे बाद में हटा दिया गया।
