डिग्री हॉस्टल के सामने वर्षों पुराना खुला नाला हुआ पक्का

गोवंश दुर्घटनाओं पर लगा विराम, अब बना सुरक्षित पार्किंग स्थल 



Junaid Khan - शहडोल। शहर के डिग्री हॉस्टल के सामने स्थित वर्षों पुराना खुला नाला आखिरकार पक्का कर ढंक दिया गया है। लंबे समय से यह नाला दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ था। आए दिन गोवंश इसमें गिरकर घायल हो जाते थे, जिससे स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों में चिंता का माहौल रहता था। कई बार राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का सामना करना पड़ता था। इस गंभीर समस्या को लगातार उठाते हुए अटल कामधेनु गोसेवक संस्थान के कार्यकर्ताओं ने कई बार मौके पर पहुंचकर नाले में गिरे गोवंशों को बाहर निकाला। संस्थान के सदस्यों ने बताया कि कई पशुओं को गंभीर चोटें आईं, जिनका उपचार भी कराना पड़ा। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए संस्थान ने जनप्रतिनिधियों से इस दिशा में स्थायी समाधान की मांग की।

संस्थान द्वारा पूर्व नगरपालिका अधिकारी श्री अमित तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष श्री घनसाम दास जायसवाल, पार्षद जित्तु दादा एवं पार्षद प्रभात पांडे को ज्ञापन सौंपकर नाले को पक्का एवं सुरक्षित करने की मांग की गई थी। जनप्रतिनिधियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इसे प्राथमिकता में लिया और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की। विशेष रूप से पार्षद जित्तु दादा के प्रयास, पार्षद प्रभात पांडे के सहयोग तथा नगरपालिका अध्यक्ष घनसाम दास जायसवाल के मार्गदर्शन में नगर पालिका द्वारा नाले को पूरी तरह पक्का कर ढंक दिया गया। अब यह स्थान न केवल सुरक्षित हो गया है, बल्कि व्यवस्थित पार्किंग स्थल के रूप में भी विकसित किया गया है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले जहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी, वहीं अब क्षेत्र सुरक्षित और सुव्यवस्थित नजर आ रहा है। गोवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ हॉस्टल परिसर और आसपास के बाजार क्षेत्र में आवागमन भी सुगम हो गया है।

इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए अटल कामधेनु गोसेवक संस्थान ने नगर पालिका शहडोल और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्य शहर के विकास की दिशा में सकारात्मक कदम हैं। अब डिग्री हॉस्टल के सामने का क्षेत्र सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्था का उदाहरण बन गया है, जिससे आमजन में संतोष और विश्वास का माहौल देखा जा रहा है।

Previous Post Next Post