शक्ति सिंह चंदेल और एडवोकेट एन.के. त्रिपाठी ने थामा ‘आप’ का दामन, जल्द टीम के बड़े जुड़ाव के संकेत
Junaid khan - शहडोल। जिले की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत राष्ट्रीय बजरंग दल महाकौशल प्रांत के पूर्व महामंत्री एवं शिवसेना के उप राज्यप्रमुख जैसे अहम दायित्व निभा चुके श्री शक्ति सिंह चंदेल ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट एन. के. त्रिपाठी ने भी पार्टी की सदस्यता ली। यह सदस्यता कार्यक्रम स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी संतोष चौबे की उपस्थिति में संपन्न हुआ। श्री चंदेल का लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान रहा है। विभिन्न संगठनों में जिम्मेदार पदों पर रहते हुए उन्होंने संगठन विस्तार और जनसंपर्क में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में उनके आम आदमी पार्टी से जुड़ने को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि श्री चंदेल के अनुभव और जनाधार से संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस सदस्यता को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। बताया गया है कि शीघ्र ही श्री चंदेल की शेष टीम भी एक बड़े कार्यक्रम के माध्यम से आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेगी, जिससे संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। मध्य प्रदेश मीडिया विभाग के शहडोल जोन प्रभारी अनूप शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी प्रदेश में निरंतर विस्तार की दिशा में कार्य कर रही है और विभिन्न संगठनों व सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अनुभवी लोगों का पार्टी में स्वागत किया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी समय में यह जुड़ाव जिले की राजनीति में नए समीकरण स्थापित कर सकता है।
