आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा जिले को कुपोषण मुक्त बनाने मैदानी अमले को दी गई समझाइश
Junaid khan - शहडोल। 18 फरवरी 2026- जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री अखिलेश मिश्रा ने जनपद पंचायत सोहागपुर के सभागार में सोहागपुर परियोजना की पर्यवेक्षकों एवं समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मैदानी अमले के क्षमता संवर्धन हेतु आवश्यक जानकारियां दी गईं। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करें। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की संख्या बढ़ाने तथा केंद्रों में दी जाने वाली सभी सेवाओं का लाभ बच्चों को दिलाने के निर्देश दिए। श्री मिश्रा ने कहा कि शहडोल जिले को कुपोषण मुक्त बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए तथा कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें एनआरसी केंद्रों में भेजने के साथ नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। आपने कहा कि गर्भवती माताओं का समय पर पंजीयन अति महत्वपूर्ण है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का दायित्व है कि पंजीकृत गर्भवती माताओं की नियमित जांच तथा समय-समय पर सम्पर्क कर उन्हे दवाओं के सेवन, टीकाकरण तथा पौष्टिक आहार लेने हेतु प्रेरित करें। हाई रिस्क गर्भवती माताओं की नियमित मानीटरिंग की जाए तथा प्रसव के 50 दिन पूर्व से ही संपर्क में रहकर संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराया जाए। गर्भवती माताओं को होम टेक राशन समय पर उपलब्ध हो भी सुनिश्चित किया जाए। सभी आगनवाड़ी केन्द्र समय पर संचालित हों। केन्द्रों में बच्चों को मिलने वाला नास्ता एवं भोजन निर्धारित समयानुसार मीनू के अनुसार वितरित किया जाए। उन्होंने पोषण ट्रैकर एवं एमएमबीएएसके में नियमित प्रविष्टि, आंगनवाड़ी संचालन तथा अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना पर्यवेक्षक एवं समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
