अवैध रेत उत्खनन पर ब्योहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
Junaid khan - शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में दिनांक 17 फरवरी 2026 को थाना ब्योहारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि नीले रंग का सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत उत्खनन कर ब्योहारी की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम बिजहा तालाब के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर बिना नंबर के ट्रैक्टर को रोका गया। जांच के दौरान ट्रॉली में अवैध खनिज रेत भरी पाई गई। चालक ने पूछताछ में अपना नाम रविंशंकर कोल, पिता सुकसेन कोल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम उक्सा, थाना ब्योहारी बताया। चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज एवं ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया, परंतु वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वाहन मालिक मोनू पटेल निवासी उक्सा के कहने पर झापर नदी से अवैध रेत उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड कर विक्रय हेतु ब्योहारी लाया जा रहा था।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अवैध रेत को मौके पर ही विधिवत जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। सराहनीय भूमिका: उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक जियाउल हक के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हरपाल सिंह एवं आरक्षक मोहम्मद अहमद की सक्रिय भूमिका में संपन्न हुई।
जयसिंहनगर पुलिस की सख्त कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर सहित 03 घनमीटर रेत जब्त
शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जयसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। दिनांक 17 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चितरांव स्थित पिपरी नाला से एक पावर ट्रैक कंपनी का ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन कर रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां एक ट्रैक्टर रेत लोड करते पाया गया।
चालक ने पूछताछ में अपना नाम संदीप कुमार गुप्ता, पिता कृष्णलाल गुप्ता, उम्र 34 वर्ष, निवासी चितरांव, थाना जयसिंहनगर, जिला शहडोल बताया। ट्रॉली में लगभग 3 घनमीटर अवैध रेत (कीमत लगभग 3,000 रुपये) भरी पाई गई। चालक से रेत उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, परंतु कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। उक्त कृत्य पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर क्रमांक MP18ZE5531 सहित ट्रॉली और लगभग 3 घनमीटर अवैध रेत (कुल अनुमानित कीमत लगभग 2,53,000 रुपये) को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। सराहनीय भूमिका: यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार बैगा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जीवन सिंह टेकाम, सउनि. एहसान खान एवं आरक्षक रोहित कुमार की सक्रिय भागीदारी से संपन्न हुई।
