सड़क पर अचेत मिले बुजुर्ग, समाजसेवक यासीन और पुलिस की तत्परता से बची जान

डायल 112 और एएसआई की सक्रियता से समय पर पहुंचा अस्पताल 


Junaid khan - शहडोल। शहर में सोमवार को इंसानियत की मिसाल उस समय देखने को मिली जब पानी टंकी रोड स्थित स्टेडियम के सामने एक लगभग 75 वर्षीय बुजुर्ग सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर समाजसेवक यासीन खान ने तुरंत मानवीय पहल करते हुए पुलिस को सूचना दी और स्वयं मौके पर पहुंचकर सहायता कार्य में जुट गए। जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को वार्ड क्रमांक 4/5 निवासी बुजुर्ग नसीम खान अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण सड़क पर गिर पड़े थे। स्थिति को गंभीर देखते हुए समाजसेवक यासीन ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 और थाना सोहागपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तथा एएसआई मौके पर पहुंचे और बिना देर किए बुजुर्ग को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण स्थिति नियंत्रित रही। परिजनों ने समाजसेवक यासीन तथा पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय नागरिकों ने भी यासीन की सामाजिक सक्रियता और पुलिस की तत्परता की सराहना की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समाजसेवियों की जागरूकता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई मिलकर किसी की जान बचा सकती है।

Previous Post Next Post