सीहोर के शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान में प्रवेश तिथि बढ़ी,अब 10 मार्च तक कर सकेंगे आवेदन
Junaid Khan - शहडोल। खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से संचालित शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान सीहोर में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक छात्र खिलाड़ी 6 मार्च की जगह 10 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सहायक संचालक खेल रईस अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल (मध्य प्रदेश) के अधीन संचालित शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान सीहोर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं में अध्ययनरत छात्र खिलाड़ियों के प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संस्थान में चयनित छात्र खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा रहने, खाने, पढ़ाई तथा खेलकूद का समुचित प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संस्थान में पढ़ाई के साथ-साथ खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षित किया जाता है, जिससे वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। संस्थान में विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इनमें हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, बॉक्सिंग, जूडो और कुश्ती जैसे प्रमुख खेल शामिल हैं। सहायक संचालक खेल ने बताया कि जिन छात्र खिलाड़ियों की खेलों में रुचि है और जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें। इच्छुक अभ्यर्थी 10 मार्च 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए मध्यप्रदेश शिक्षा पोर्टल पर उपलब्ध लिंक https://www.educationportal.mp.gov.in/sports.aspx� के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों ने जिले के खेल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि वे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर खेल जगत में अपनी पहचान बना सकें।
