संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया व जिला संगठन प्रभारी अभिलाष पांडे ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
Junaid khan - शहडोल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन शहडोल संभागीय मुख्यालय के कमला नगर स्थित ‘अटल निलय’ जिला भाजपा कार्यालय में एकदिवसीय रूप से संपन्न हुआ।
वैचारिक आधार पर हुआ शुभारंभ
कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण तथा वंदे मातरम् के साथ किया गया।
वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति
प्रशिक्षण कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में संभाग प्रभारी श्री गौरव सिरोठिया एवं जिला प्रभारी श्री अभिलाष पांडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने की। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में संभाग प्रभारी श्री गौरव सिरोठिया, जिला प्रभारी श्री अभिलाष पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, जैतपुर विधायक श्री जयसिंह मरावी, ब्योहारी विधायक श्री शरद कोल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अनुपम अनुराग अवस्थी, श्री कमल प्रताप सिंह, पूर्व विधायक श्रीमती प्रमिला सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश पांडे, संतोष लोहानी, जिला महामंत्री अमित मिश्रा, पुष्पेंद्र पटेल, श्री मनोज सिंह आर्मो, श्रीमती निभा गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मंचस्थ रहे।
संगठन की मजबूती का आधार है प्रशिक्षण
संभाग प्रभारी श्री गौरव सिरोठिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला विचार आधारित संगठन है। संगठन के निरंतर प्रशिक्षण, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना आवश्यक है, ताकि वे विचारधारा एवं सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचा सकें। प्रशिक्षण के माध्यम से नई और पुरानी पीढ़ी के बीच वैचारिक संवाद एवं अनुभवों का आदान-प्रदान होता है, जिससे संगठन की कार्यपद्धति और अधिक सुदृढ़ होती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमारा दल व्यक्ति या नेता आधारित नहीं, बल्कि विचार आधारित पार्टी है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही बूथ स्तर पर योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकता है।
मंडल स्तर पर शीघ्र शुरू हों कार्यशालाए
जिला संगठन प्रभारी श्री अभिलाष पांडे ने कहा कि मंडल अध्यक्षगणों को मंडल स्तरीय कार्यशालाओं की योजना, समय-निर्धारण एवं व्यवस्थाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कर देना चाहिए। भाजपा द्वारा “व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन से राष्ट्र निर्माण” का लक्ष्य इस प्रशिक्षण वर्ग का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस वर्ग में विचारधारा, कार्यपद्धति, पार्टी का इतिहास एवं विकास, शासन की योजनाएं, मन की बात, सोशल मीडिया एवं नई तकनीक जैसे विषयों पर प्रदेश एवं जिला स्तर के वक्ताओं द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। राजनीति हमारे लिए लोककल्याण का माध्यम है। हम जिस पथ पर हैं, उसकी कार्यपद्धति का स्मरण और पालन आवश्यक है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को प्रेरणा स्रोत बताते हुए उन्होंने सेवा, समर्पण और समन्वय को संगठन की वास्तविक शक्ति बताया। प्रशिक्षण महाअभियान को सफल बनाने का संकल्पम भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने जिले में आयोजित होने वाले मंडल प्रशिक्षण सत्रों की कार्ययोजना से वरिष्ठजनों को अवगत कराया और विश्वास दिलाया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व की मंशा अनुरूप प्रशिक्षण महाअभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया जाएगा। उन्होंने अपेक्षित पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने मंडलों में मंडल अध्यक्ष के साथ समन्वय कर प्रशिक्षण कार्यशालाओं को सफल बनाएं प्रशिक्षण में नवाचार और आधुनिक तकनीक का समावेश। प्रशिक्षण के विषयों में पार्टी का इतिहास एवं विकास, बूथ प्रबंधन, सरकार की उपलब्धियां तथा सोशल मीडिया से जुड़े विषय शामिल हैं। इसके लिए विभिन्न व्यवस्थापन एवं संचालन समितियों का गठन किया जाएगा, जो कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराएंगी। कार्यशाला में नवाचार आधारित प्रशिक्षण की परिकल्पना, डिजिटल उपकरण एवं ए.आई. का उपयोग, संवाद आधारित सत्र, केस स्टडी, विषय विशेषज्ञों की भागीदारी तथा क्षेत्रीय अनुभव एवं प्रवास पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
व्यापक उपस्थिति रही उल्लेखनीय
विधायकगण, जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जिला पदाधिकारीगण, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह संयोजक, जिला संयोजक, जिला टोली दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग, सातों मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल प्रभारी, प्रशिक्षण वर्ग की मंडल टोली तथा जिला एवं मंडल प्रशिक्षण हेतु नियुक्त वक्ता सहित सभी अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस प्रकार प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की जिला कार्यशाला संगठनात्मक ऊर्जा, वैचारिक स्पष्टता और भविष्य की रणनीति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


