एमपीसीडीए सहित रीवा, सतना,पन्ना,कटनी,अनूपपुर व उमरिया के पदाधिकारी रहे मौजूद
Junaid khan - शहडोल। रंगों के पर्व होली की उमंग और संगठनात्मक ऊर्जा के संगम के बीच स्थानीय जयविलास पैलेस में जिला दवा विक्रेता संघ शहडोल की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में जिले के साथ-साथ रीवा, सतना, पन्ना, कटनी, अनूपपुर और उमरिया से आए पदाधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत देवी स्तुति एवं दीप प्रज्वलन के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई। संघ के अध्यक्ष उमेश कुमार पांडे एवं सचिव संदीप चपरा ने देवी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर ड्रग इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार कुलेश एवं सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर राधेश्याम बट्टी सहित अन्य अतिथियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। समारोह में सतना से दीनदयाल तिवारी, पन्ना से लक्ष्मीकांत दीक्षित व जयराज पाटकर, उमरिया से धीरेन्द्र शर्मा व सुनील सिंह सोलंकी, कटनी से चंदू बाघवानी व सागर आहूजा, रीवा से तरुण सिंह व शशि मिश्रा तथा अनूपपुर से दीपक सोनी मंचासीन रहे। अपने संबोधन में ड्रग इंस्पेक्टर राधेश्याम बट्टी एवं प्रमोद कुमार कुलेश ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए दवा विक्रेताओं को औषधि नियमों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से शेड्यूल H-1 रजिस्टर अनिवार्य रूप से संधारित करने तथा चिकित्सक की पर्ची के बिना दवाओं का विक्रय न करने की हिदायत दी। नई जिला कार्यकारिणी में उमेश कुमार पांडे (अध्यक्ष), संदीप चपरा (सचिव), शरद शर्मा (कोषाध्यक्ष), राजेश गुप्ता (संभागीय सचिव), सुभाष बाघवानी (संभागीय उपाध्यक्ष), सिद्दीक अंसारी (PRO मीडिया प्रभारी), अमित बनर्जी एवं विकास जैन (सहसचिव), राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता (सह कोषाध्यक्ष), सुनील गुप्ता (संगठन सचिव), रूपेश कुमार मिश्रा एवं संजीव कुमार बाम्बा (उपाध्यक्ष) शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन तुषार भट्टाचार्य ने किया, जबकि अंत में सचिव संदीप चपरा ने आभार प्रदर्शन किया। समारोह में बुढ़ार, धनपुरी, अमलाई, गोपारू, खन्नौदी, जयसिंह नगर, मानपुर, ब्यौहारी सहित जिले भर के केमिस्ट उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के पश्चात होली मिलन कार्यक्रम के तहत एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया गया तथा भोजन की व्यवस्था भी संघ द्वारा की गई।
