तीन माह से सड़क पर बह रहा नाली का गंदा पानी,वार्ड 23 के लोग परेशान मंदिर-मस्जिद जाने वाले श्रद्धालु भी मजबूर

पुराना वार्ड 18 अब बना वार्ड 23, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई; टेंडर होने के बाद भी नाली निर्माण शुरू नहीं 


Junaid khan - शहडोल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 (पूर्व में वार्ड 18) में पिछले तीन माह से नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है। पुराने आरटीओ कार्यालय के पास स्थित गली में नाली जाम और पाइप लाइन के अंदर क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण बदबूदार पानी लगातार सड़क पर फैल रहा है। स्थिति यह है कि सड़क दलदल में तब्दील हो गई है और आने-जाने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय वार्डवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। गंदे पानी के कारण सड़क पर कीचड़ और बदबू फैली हुई है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

आस्था के मार्ग पर भी गंदगी का साया 

यह रास्ता केवल आम आवाजाही का मार्ग ही नहीं है, बल्कि इसी रास्ते से होकर बड़ी संख्या में लोग मंदिर और मस्जिद भी जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को गंदे नाली के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि आस्था के स्थानों तक जाने के लिए भी जब लोगों को गंदे पानी में पैर रखकर गुजरना पड़े, तो यह प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा उदाहरण है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब इंसान की तकलीफ को नजरअंदाज किया जाता है, तो यह संवेदनहीनता को दर्शाता है। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर प्रशासन को आम जनता की परेशानी समझ में नहीं आ रही है, तो कम से कम आस्था के स्थानों की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

टेंडर के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम 

नगर पालिका द्वारा यहां नई नाली के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। नागरिकों के अनुसार राजा पांडेय नामक ठेकेदार ने करीब दो माह पहले टेंडर लिया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य के लिए अनुबंध भी नहीं कराया गया और न ही काम शुरू हुआ है। टेंडर लेने के बाद भी काम शुरू न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नाली निर्माण के लिए लिखा गया पत्र

वार्ड क्रमांक 23 के पार्षद ने नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर जल्द नाली निर्माण कराने की मांग की है। पार्षद का कहना है कि यदि ठेकेदार द्वारा जल्द काम शुरू नहीं किया जाता है, तो टेंडर निरस्त कर किसी अन्य एजेंसी से कार्य कराया जाना चाहिए।

लोगों की मांग जल्द हो समाधान

वार्डवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को गंदगी और बदबू से राहत मिल सके तथा श्रद्धालुओं को आस्था के स्थानों तक जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Previous Post Next Post