ठेका श्रमिकों को अचानक काम से हटाने का आरोप,आर्केटीसी कंपनी के खिलाफ मजदूर संगठन का प्रदर्शन

ठेका श्रमिकों को अचानक काम से हटाने का आरोप,आर्केटीसी कंपनी के खिलाफ मजदूर संगठन का प्रदर्शन


Junaid khan - शहडोल। जिले के सोहागपुर स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अमलाई ओसीएम में कार्यरत ठेका कंपनी आर्केटीसी के खिलाफ मजदूर संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। मजदूर संघ एचएमएस के पदाधिकारियों ने कंपनी प्रबंधन पर मनमानी और श्रमिकों के साथ अन्याय का आरोप लगाते हुए सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। मजदूर संगठन के प्रतिनिधि जिला मुख्यालय पहुंचे और एसपी रामजी श्रीवास्तव को ज्ञापन देकर बताया कि आर्केटीसी कंपनी के प्रबंधन द्वारा श्रमिकों के साथ मनमाना व्यवहार किया जा रहा है। आरोप है कि कंपनी ने 19 फरवरी को बिना किसी पूर्व सूचना के 8 ठेका श्रमिकों को अचानक काम से बाहर कर दिया, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मजदूर नेताओं ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी कंपनी प्रबंधन से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया गया था। कोयला मजदूर सभा ने प्रबंधन को 7 दिन का समय देकर उचित समाधान निकालने की मांग की थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई।

मजदूर संगठन का कहना है कि 28 फरवरी 2026 को कंपनी प्रबंधन को लिखित रूप से पत्र भी सौंपा गया था, जिसमें श्रमिकों को वापस काम पर लेने और मनमानी बंद करने की मांग की गई थी। बावजूद इसके कंपनी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया, जिससे मजदूरों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि श्रमिकों को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की मनमानी दोबारा न हो।

ज्ञापन सौंपने के दौरान 

एचएमएस के एरिया अध्यक्ष राकेश कांत पांडेय, महामंत्री नीरज चतुर्वेदी, विनोद शर्मा, अमित सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और श्रमिक उपस्थित रहे। मजदूर नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगे और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

Previous Post Next Post