जांच की मांग, प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपील
Junaid Khan - शहडोल। जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक उपभोक्ता के नाम पर गैस सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति को दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित उपभोक्ता ने इस संबंध में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार शहडोल निवासी अजय ने बताया कि उनके दादा जी नाम से हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के एलपीजी कनेक्शन पर लंबे समय से सिलेंडर नहीं लिया गया था। जब वह हाल ही में गैस सिलेंडर लेने के लिए शहडोल स्थित नर्मदा गैस एजेंसी पहुंचे, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनके नाम से कुछ दिन पहले ही सिलेंडर लिया जा चुका है, इसलिए उन्हें अब 28 दिन बाद ही नया सिलेंडर मिलेगा। उपभोक्ता का कहना है कि उन्होंने पिछले डेढ़ से दो साल से कोई सिलेंडर नहीं लिया है, ऐसे में उनके नाम पर हाल ही में सिलेंडर जारी होना गंभीर अनियमितता और संभावित कालाबाजारी की ओर इशारा करता है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अन्य व्यक्ति को उपभोक्ता की गैस आईडी का इस्तेमाल कर सिलेंडर दे दिया गया। पीड़ित उपभोक्ता ने इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) में दर्ज कराई है, जिसका शिकायत क्रमांक 8871247 है। शिकायत में कहा गया है कि या तो उन्हें तुरंत गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए या फिर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले के सामने आने के बाद गैस वितरण प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। यदि उपभोक्ताओं के नाम पर इस तरह सिलेंडर जारी किए जा रहे हैं, तो यह गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से मांग की है कि गैस एजेंसियों की जांच कराई जाए और यदि कालाबाजारी या फर्जी वितरण की पुष्टि होती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं के साथ इस प्रकार की अनियमितता दोबारा न हो।
