अमृत हरित महाअभियान 2026-27” के अंतर्गत सरफा डैम क्षेत्र में व्यापक पौधरोपण की तैयारी

गड्ढे खोदने का कार्य प्रारंभ; 2 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित 


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 18 अप्रैल 2026 नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल के आयुक्त श्री संकेत भोंडवे एवं जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में “अमृत हरित महाअभियान 2026-27” के सफल क्रियान्वयन हेतु नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रस्तावित वृक्षारोपण कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए नगर के विभिन्न स्थलों पर गड्ढे खोदने का कार्य तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। विशेष रूप से सरफा डैम क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की तैयारी सुनिश्चित की जा रही है। नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा इस महाअभियान के अंतर्गत लगभग 02 लाख पौधों के रोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए नगर के प्रमुख मार्गों, उद्यानों, शासकीय परिसरों एवं अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन कर निर्धारित मानकों के अनुरूप गड्ढों की खुदाई कराई जा रही है, ताकि पौधरोपण कार्य समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।उल्लेखनीय है कि सरफा डैम क्षेत्र में अब तक 3,000 से अधिक गड्ढों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा कार्य की सतत मॉनिटरिंग करते हुए उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी को समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्ति हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।नगर पालिका अमला यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक गड्ढा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तैयार हो, जिससे पौधों के समुचित विकास हेतु अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके। साथ ही चयनित स्थलों पर साफ-सफाई एवं समतलीकरण का कार्य भी निरंतर जारी है।

नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महत्वपूर्ण प्रयास को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।

Previous Post Next Post