सामाजिक अधिकारिता शिविर का निरीक्षण, दिव्यांगजनों से की चर्चा
Junaid Khan - शहडोल। 07 अप्रैल 2026- कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जनपद पंचायत सोहागपुर के सभागार में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में सहभागिता की। कलेक्टर ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन को सरल बनाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दूसरों पर निर्भरता कम करते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से आग्रह किया कि वे प्राप्त उपकरणों का नियमित उपयोग करें तथा सक्रिय बने रहें, जिससे स्वास्थ्य बेहतर रहे। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं का सदुपयोग कर समाज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने शिविर का निरीक्षण कर उपस्थित दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से चर्चा की तथा उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
शिविर में एडिप योजना के तहत 25 दिव्यांगजनों को 43 सहायक उपकरण तथा आर.व्ही.वाई. योजना के अंतर्गत 78 वरिष्ठ नागरिकों को 125 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान बैसाखी, ट्राईसाइकिल, वॉकर, व्हीलचेयर एवं छड़ी आदि उपकरण प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल, उपाध्यक्ष श्री शक्ति सिंह, जनपद पंचायत सोहागपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गैलेक्सी नागपुरे, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग सुश्री प्रज्ञा मरावी सहित अन्य अधिकारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।
