बड़ी भीट तालाब में श्रमदान कार्यक्रम सम्पन्न
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 06 अप्रैल 2026 मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशन में नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 स्थित बड़ी भीट तालाब में श्रमदान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि यह अभियान 19 मार्च से 30 जून 2026 तक निरंतर संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नगर के जल स्रोतों का संरक्षण, संवर्धन एवं स्वच्छता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान तालाब परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ सामाजिक संस्था साइओम विजन के प्रतिनिधियों एवं स्वच्छता मित्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए श्रमदान किया। सभी के संयुक्त प्रयासों से तालाब क्षेत्र की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण में सकारात्मक सुधार देखा गया। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक श्री मोतीलाल सिंह, उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकजन उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जल संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े इस प्रकार के अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने में सहयोग प्रदान करें।

