शिक्षित बनो,संगठित रहो, संघर्ष करो के संदेश के साथ अंबेडकर कॉलोनी में भव्य आयोजन,हजारों की मौजूदगी में मनाया गया उत्सव
Junaid Khan - शहडोल। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर कॉलोनी, शहडोल (म.प्र.) में युवा भीम संगठन द्वारा एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके बताए मार्ग शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। इस अवसर पर कॉलोनी परिसर में केक काटकर उत्सव की शुरुआत की गई, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाबा साहब के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में उत्साह, उमंग और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बैनर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर कॉलोनी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, शहडोल (म.प्र.) का उल्लेख प्रमुखता से किया गया। साथ ही बाबा साहब की 32 डिग्रियों का भी उल्लेख कर उनके अद्वितीय ज्ञान और योगदान को याद किया गया, जिससे युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। युवा भीम संगठन के सदस्यों ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य समाज में शिक्षा, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। इस आयोजन में प्रमुख रूप से मनीष कपिल, हिमांशु चौहान, हर्ष, अप्पू, पियूष, अरमान, रोबी, मयंक, रोनक, भारती, बाबू, अंकुल, खुदीशा और आर्यन सहित वार्ड क्रमांक 33 के अनेक युवाओं और गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं और ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाते रहेंगे।

