आरटीई के तहत प्रवेश की तिथि बढ़ी,अब 25 अप्रैल तक शहडोल में भी मिल सकेगा नि:शुल्क एडमिशन
Junaid Khan - शहडोल। 20 अप्रैल 2026 शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत निजी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा प्रवेश की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 25 अप्रैल 2026 कर दिया गया है, जिससे शहडोल जिले के अभिभावकों को भी अपने बच्चों का एडमिशन कराने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। पूर्व में प्रथम चरण की लॉटरी में चयनित विद्यार्थियों के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 25 अप्रैल कर दिया गया है। यह निर्णय उन अभिभावकों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो विभिन्न कारणों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने बच्चों का प्रवेश नहीं करा पाए थे, लेकिन अब वे प्रवेश दिलाने के इच्छुक हैं।
