आवासीय मकानों में चल रहे व्यवसाय पर सख्ती की तैयारी, हाउसिंग बोर्ड एक्शन मोड में

40 लोगों को थमाया नोटिस, खाली कराने तक की चेतावनी शहर में अवैध उपयोग पर बड़ी कार्रवाई की आहट 


Junaid Khan - शहडोल। जिले में हाउसिंग बोर्ड के आवासीय मकानों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने के मामलों पर अब सख्ती शुरू हो गई है। जहां-जहां पर हाउसिंग बोर्ड के आवासों में दुकानें संचालित हो रही हैं या परिसरों का व्यवसाय के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, वहां संबंधित मकान मालिकों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। यदि आपने भी हाउसिंग बोर्ड के आवासीय मकान में दुकान, व्यापार या अन्य व्यावसायिक गतिविधि शुरू कर रखी है तो सावधान हो जाएं, क्योंकि हाउसिंग बोर्ड अब ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के मूड में है। शहर के गायत्री मंदिर, डॉक्टर कॉलोनी, न्यू बस स्टैंड के पीछे स्थित कॉलोनियों और बायपास क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग आवासीय मकानों को व्यवसायिक रूप में उपयोग कर रहे हैं। इन इलाकों में न सिर्फ दुकानें संचालित हो रही हैं, बल्कि कई जगहों पर मकानों को पूरी तरह व्यावसायिक रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि आसपास के रहवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाउसिंग बोर्ड ने अब तक ऐसे करीब 40 लोगों को नोटिस जारी कर दिया है, जबकि अन्य मामलों की सूची भी तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में ऐसी सैकड़ों संपत्तियां हैं, जिनका गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। आने वाले दिनों में इन सभी के खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी, जिससे नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। 

इंजीनियरों को दी गई जिम्मेदारी 

इस पूरे मामले में हाउसिंग बोर्ड ने अपने इंजीनियरों को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी संदिग्ध संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं आवासीय परिसरों में अवैध व्यवसाय तो नहीं चल रहा है। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और अन्य दुकानों के संचालन की पुष्टि भी हुई है, जिस पर अब कार्रवाई तय मानी जा रही है।

नियमों के तहत होगी कार्रवाई

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हाउसिंग बोर्ड एक्ट की धारा 55-1 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें सुनवाई का अवसर दिया जाएगा। यदि संबंधित व्यक्ति नगर पालिका से व्यवसायिक उपयोग की वैध अनुमति प्रस्तुत करते हैं तो उन्हें राहत मिल सकती है, अन्यथा मकान खाली कराने तक की कार्रवाई की जाएगी।

शहर में दिख रहा साफ असर

गायत्री मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान यह साफ देखा गया कि कई आवासों में खुलेआम व्यवसाय संचालित हो रहे हैं। कुछ स्थानों पर मेडिकल स्टोर और क्लीनिक भी चल रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध हैं। इसके अलावा बायपास और न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में भी आवासीय परिसरों में दुकानों का संचालन आम बात बन चुकी है।

प्रशासन सख्त,सूची तैयार

हाउसिंग बोर्ड के संपदा अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और नगरीय विकास मॉडल के तहत इस प्रक्रिया को तेजी से अमल में लाया जा रहा है। ऐसे सभी लोगों की सूची तैयार कर ली गई है, जहां आवासीय मकानों का दुरुपयोग हो रहा है। पहले चरण में नोटिस देकर चेतावनी दी जा रही है, इसके बाद नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगे और बढ़ेगी कार्रवाई विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया गया तो शहर की कॉलोनियों में व्यवस्था सुधरेगी और आवासीय क्षेत्रों का मूल स्वरूप बरकरार रहेगा। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए यह एक स्पष्ट संदेश है कि अब मनमानी नहीं चलेगी। हाउसिंग बोर्ड की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है और कई लोगों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों को लेकर वैधता की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होने की संभावना है, जिससे शहडोल में आवासीय क्षेत्रों में अनुशासन और व्यवस्था कायम हो सके।

Previous Post Next Post