सही पोषण से देश रोशन, शहडोल में पोषण पखवाड़ा के आठवें दिन स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
Junaid Khan - शहडोल। Day 8-सही पोषण देश रोशन पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत आज आठवीं दिवस सैनिटेशन डे एंड न्यूट्रिशन डे मनाते हुए आंगनवाड़ी में स्वच्छता का जीवन में महत्व पर जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित पोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनवाड़ी केंद्रों में उपस्थित बच्चों को हाथ धुलाई के स्टेप सिखाए गए, जिसमें सही तरीके से साबुन से हाथ धोने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, ताकि वे दैनिक जीवन में इसे अपनाकर बीमारियों से बच सकें। साथ ही किशोर बालिकाओं को सेनेटरी पैड वितरित किया गया एवं साफ सफाई स्वच्छता के साथ जीवन शैली में उसके महत्व को समझाया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि स्वच्छता और पोषण एक-दूसरे के पूरक हैं, और यदि इन दोनों पर ध्यान दिया जाए तो बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषक आहार, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की आदतों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। शहरी परियोजना शहडोल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित रहीं, जिन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता और पोषण के संदेश को आत्मसात किया। अधिकारियों ने भी सभी से अपील की कि वे अपने घर-परिवार और समाज में स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूकता फैलाएं, जिससे एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
