गर्मी में 7 बजे बंद होने से परेशान जनता, 9 बजे तक खोलने के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठी आवाज
Junaid Khan - शहडोल। संभाग मुख्यालय शहडोल में स्थित नगर पालिका का प्रमुख सार्वजनिक उद्यान टैगोर पार्क इन दिनों आमजन की जरूरतों और सुरक्षा व्यवस्था दोनों को लेकर चर्चा में है। शहर के बीचों-बीच गांधी चौक के पास स्थित यह पार्क वर्षों से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए प्रमुख मनोरंजन स्थल रहा है, लेकिन अब यहां समय के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पार्क में बच्चों के लिए झूले, बैठने की व्यवस्था, हरियाली, लाइटिंग और आकर्षक संरचनाएं मौजूद हैं, जिससे यह परिवारों के लिए पसंदीदा जगह बना हुआ है। गर्मी की छुट्टियों में यहां शाम के समय बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। लेकिन वर्तमान में शाम 7 बजे पार्क बंद होने से लोगों को पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है, जिससे नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मी के कारण लोग 6 बजे के बाद ही घरों से निकल पाते हैं और 6:30 बजे तक पार्क पहुंचते-पहुंचते बंद होने का समय हो जाता है। ऐसे में उन्होंने मांग की है कि पार्क का समय बढ़ाकर पहले की तरह रात 9 बजे तक किया जाए, ताकि लोग और बच्चे आराम से समय बिता सकें। इसके साथ ही नागरिकों ने एक और महत्वपूर्ण मांग उठाई है पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
लोगों का कहना है कि पार्क में नियमित रूप से सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जाएं और साथ ही पुलिस की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था, नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियां या झगड़े जैसी घटनाएं न हो सकें। जनता का कहना है कि कई बार पार्क जैसे सार्वजनिक स्थानों पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नशा करना, अभद्र व्यवहार करना या माहौल खराब करने जैसी शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे में यदि पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे, तो न केवल ऐसे तत्वों पर रोक लगेगी बल्कि परिवारों, महिलाओं और बच्चों को भी सुरक्षित वातावरण मिलेगा। नागरिकों ने यह भी मांग की है कि सुरक्षा गार्ड ऐसे हों जो समझदारी और अच्छे व्यवहार के साथ स्थिति को संभाल सकें, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति उत्पन्न ही न हो और पार्क का माहौल शांत व पारिवारिक बना रहे। साथ ही तोड़फोड़ या पार्क की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी नजर रखी जा सके। जनता ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से अपील की है कि पार्क के समय में वृद्धि के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाए। उनका मानना है कि यदि समय और सुरक्षा दोनों का ध्यान रखा गया, तो टैगोर पार्क शहर का एक आदर्श और सुरक्षित मनोरंजन स्थल बन सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन जनता की इन जायज मांगों पर क्या कदम उठाता है और क्या शहरवासियों को जल्द ही बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल मिल पाता है या नहीं।
