रात की ड्यूटी पर गए कर्मचारी की बाइक गायब, परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर प्रश्न
Junaid Khan - शहडोल। मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग ऑफिसर की बाइक चोरी का मामला सामने आया है। बाइक चोरी की शिकायत पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक नर्सिंग ऑफिसर राजा बाबू मेघराम नाइट ड्यूटी पर जाने से पहले अपनी बाइक अस्पताल के बाहर लॉक कर खड़ी कर गए थे। सुबह ड्यूटी खत्म होने पर लौटे तो बाइक चोरी हो चुकी थी।
घटना के बाद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो युवक संदिग्ध रूप से बाइक के पास घूमते दिखाई दिए। कुछ देर बाद एक लॉक खोलकर अपने एक साथी के साथ बाइक लेकर फरार हो गया। बदमाशों की यह करतूत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जहां एक ओर अस्पताल परिसर को संवेदनशील और सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, वहीं इस तरह की चोरी की वारदात से कर्मचारियों और मरीजों में भय का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए और रात के समय गश्त को सख्त किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में भी नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और परिसर में वाहनों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो सकें।
