युवा,सेना में जुड़कर समाज और देश की करें सेवा- विधायक
Junaid Khan - शहडोल। 15 मई 202़6- विधायक श्रीमती मनीषा सिंह एवं कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की उपस्थिति में पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए संचालित शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के तहत 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने प्रशिक्षणर्थियो को सम्बोंधित करते हुए कहा कि शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के माध्यम से युवाओ को आगे बढ़ने का मौका दिया जा रहा है। शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के तहत चिन्हित अभ्यर्थी मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करें, यह प्रशिक्षण होमगार्ड भर्ती, आर्मी, पुलिस भर्ती जैसे अन्य भर्ती के लिए मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होकर अपने देश और समाज की सेवा करें। “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना” युवाओ को अनुशासन, आत्म विश्वास एवं शारीरिक क्षमता को दक्ष बनाने की पहल है। कार्यक्रम को अध्यक्ष नगरपालिका श्री घनश्याम जायसवाल ने भी सम्बोंधित किया। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने प्रशिक्षण में चयनित अभ्यर्थियो को सम्बोंधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की अलग-अलग रूचि होती है और रूचि के अनुसार कार्य करने से सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि युवाओ को कभी किश्मत के भरोसे नही रहना चाहिए, किश्मत उन्हीं लोगो का साथ देती है जो कड़ी मेहनत, लगन और समपर्ण के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करते है। उन्होंने युवाओ को प्रतियोगी परीक्षाओ में सफल होने के गुर सिखाते हुए कहा कि परीक्षार्थियो को किताबो से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियो को अपने स्वयं के नोट्स में लिखे और रटने के बजाय उन चीजो को समझ-समझ कर याद करे तो वे चीजे हमेशा याद रहती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में प्रसारित झूठी खबरो से बचे एवं मोबाइल का सकारात्मक उपयोग कर अपने समय का सदुपयोग करें। निरीक्षक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्रीमती आशा द्विवेदी ने बताया कि म.प्र. शासन, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के 20 जिला मुख्यालयों पर पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026 अंतर्गत पृथक-पृथक निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण संचालित किया जाएगा। जिसमें अनूपपुर सहित भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, जबलपुर, ग्वालियर, शहडोल, रीवा, नर्मदापुरम, मुरैना, रायसेन, खण्डवा, मंदसौर, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, गुना, सतना, बैतूल एवं भिण्ड जिला मुख्यालय शामिल है। प्रशिक्षण अवधि 45 दिवस निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पुरूष एवं महिला वर्ग हेतु प्रशिक्षण केंद्र शासकीय पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय शहडोल निर्धारित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रातः 6 बजे से 7ः30 बजे तक शारीरिक प्रशिक्षण, प्रातः 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक एवं अपरान्ह 11ः45 बजे से दोपहर 1ः45 बजे तक सैद्वांतिक विषय अध्यापन कक्षा, सांय 5 बजे से प्रातः 6ः30 बजे तक खेलकूद की गतिविधियां एवं 6ः30 बजे से रात्रि 8ः30 बजे तक स्वाध्याय हेतु समय-सारणी निर्धारित की गई है। इस अवसर पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिंहा, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्री तीरथ गरमेे सहित अन्य अधिकारी एवं शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के तहत चिन्हित अभ्यर्थी उपस्थित रहें।
