मां ज्वालामुखी मंदिर में पुनः स्थापित हुआ संगठनात्मक संतुलन

हिंदू जन जागरण समिति की बैठक में संतोष महरा बने अध्यक्ष, मंदिर विकास एवं भक्त सुविधाओं को लेकर नई ऊर्जा का संचार


Junaid Khan - शहडोल। धनपुरी कोयलांचल क्षेत्र की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र एवं श्रद्धालुओं की अटूट भक्ति का प्रतीक मां जगत जननी ज्वालामुखी मंदिर में एक बार पुनः संगठनात्मक स्थिरता और धार्मिक समरसता की नई शुरुआत होती दिखाई दे रही है। विगत दो वर्षों से मंदिर संचालन एवं समिति के अधिकारों को लेकर चल रहे विवाद के बाद अब न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण होने पर हिंदू जन जागरण समिति का पुनर्गठन कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस निर्णय से मंदिर प्रबंधन में नई ऊर्जा और श्रद्धालुओं में नया विश्वास जागृत हुआ है। गौरतलब है कि मां ज्वालामुखी मंदिर की व्यवस्थाओं एवं संचालन का दायित्व लंबे समय से हिंदू जन जागरण समिति द्वारा निभाया जाता रहा है। वर्ष 2007 में गठित समिति, जिसके अध्यक्ष पंडित विनोद शर्मा थे, मंदिर के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यों का संचालन करती रही। इसी बीच वर्ष 2015 में एक अन्य पक्ष द्वारा हिंदू जन जागरण समिति का पृथक पंजीयन करा लिया गया, जिससे समिति के वास्तविक अधिकारों को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामला न्यायालय तक पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ हुई। विवाद बढ़ने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मंदिर संचालन हेतु 10 सदस्यों की एक अस्थायी समिति गठित की गई थी, जिसके माध्यम से मंदिर की व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा था। हालांकि स्थानीय श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के बीच यह भावना लगातार बनी रही कि पूर्व समिति के कार्यकाल में मंदिर की व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं भक्तिमय वातावरण से परिपूर्ण थीं। पिछले दो वर्षों में मंदिर के विकास कार्यों एवं नियमित व्यवस्थाओं में अपेक्षित गति का अभाव भी महसूस किया जा रहा था। इसी बीच उच्च न्यायालय के निर्देश पर रीवा रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा दोनों समितियों की विस्तृत जांच की गई। जांच उपरांत प्रस्तुत रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि वर्ष 2007 में गठित हिंदू जन जागरण समिति ही वैधानिक एवं अधिकृत समिति है, जिसके अध्यक्ष पंडित विनोद शर्मा रहे हैं। न्यायालय ने अपने निर्देश में पूर्व समिति को 45 दिवस के भीतर बैठक आयोजित कर नई कार्यकारिणी गठित करने के आदेश प्रदान किए। न्यायालयीन निर्देशों के पालन में विगत दिनों मां ज्वालामुखी मंदिर परिसर में हिंदू जन जागरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तत्कालीन अध्यक्ष पंडित विनोद शर्मा ने की। समिति के सात मूल सदस्यों में से पांच सदस्य पंडित विनोद शर्मा, संतोष महरा, रवि सोनी, बिहारी लोधी एवं राकेश तिवारी — बैठक में उपस्थित रहे, जबकि दो सदस्य अनुपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें संतोष महरा को हिंदू जन जागरण समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं रवि सोनी को महामंत्री, बिहारी लोधी को उपाध्यक्ष तथा राकेश तिवारी को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही मंदिर विकास, धार्मिक आयोजनों की गरिमा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प भी लिया गया।

इस अवसर पर पंडित विनोद शर्मा ने नव नियुक्त अध्यक्ष संतोष महरा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां ज्वालामुखी मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई समिति मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं भक्तिमय स्वरूप प्रदान करेगी। साथ ही मंदिर के सौंदर्यीकरण, धार्मिक आयोजनों के विस्तार तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जाएंगे। नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं में भी नई समिति के गठन को लेकर उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि पूर्व की भांति अब मंदिर में धार्मिक गतिविधियों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं व्यवस्थाओं में पुनः गति आएगी। मां ज्वालामुखी मंदिर की दिव्यता, भव्यता एवं आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में यह नई कार्यकारिणी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Previous Post Next Post