उपाध्याय ट्रेडर्स इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

उपाध्याय ट्रेडर्स इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख 


Junaid Khan - शहडोल। अनूपपुर कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निगवानी में सोमवार 11 मई की सुबह उपाध्याय ट्रेडर्स इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर में अचानक भीषण आग लग जाने से लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान धुएं और आग की लपटों से घिर गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर का सामान पूरी तरह जल चुका था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों तक भी आग फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग से लगभग 35 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Previous Post Next Post