विश्वविद्यालय में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक सम्पन्न

विश्वविद्यालय में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक सम्पन्न 


Junaid Khan - शहडोल। 29 मई 2026- कुलगुरु प्रो. रामशंकर ने पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरो की बैठक ली। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का समय है, जहाँ सोशल मीडिया समाज की दिशा और दशा दोनों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ किया जाए तो यह समाज में जागरूकता, शिक्षा एवं प्रेरणा का प्रभावी माध्यम बन सकता है। कुलगुरु ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का भी प्रमुख मंच है। ऐसे में विश्वविद्यालय और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं को रचनात्मक दिशा प्रदान की जा सकती है। उन्होंने विश्वविद्यालय में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के एक स्थायी एवं योजनाबद्ध समूह के निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस पहल से विश्वविद्यालय की गतिविधियों, शोध, नवाचार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक सरोकारों को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुँचाया जा सकेगा। बैठक का उद्देश्य सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, समाजोन्मुखी गतिविधियों के प्रसार तथा विश्वविद्यालय स्तर पर एक सशक्त डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने की दिशा में विचार-विमर्श करना था। बैठक में विश्वविद्यालय के डॉ. मुनीश नेगी, डॉ. सौरभ शिवा, डॉ. वंदना राम, डॉ. लोकेश साहू एवं डॉ. दिलीप तिवारी,मनीष तिवारी सहित सोषल मीडिया इन्फ्लूएसंर्स उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post