सेवाकाल के दौरान मिला सहयोग रहेगा अविस्मरणीय:- जिला आपूर्ति नियंत्रक
Junaid Khan - शहडोल। 30 अप्रैल 2026:- कलेक्टर कार्यालय के सोन सभागार में जिला आपूर्ति नियंत्रक शहडोल श्री विपिन पटेल के अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर विदाई एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह ने कहा कि सेवा निवृत होना एक शासकीय प्रक्रिया है, शासकीय सेवा में आने वाले सेवकों को एक न एक दिन सेवा निवृत अवश्य होना है। उन्होंने कहा कि सेवा निवृत जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री विपिन पटेल ने अपने विभाग के कार्यों को बड़ी कुशलता पूर्वक, जिम्मेदारी और कर्तव्य पारायणता के साथ निर्वहन किया है जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि श्री पटेल अब अपने सरकारी दायित्व से मुक्त हो रहे और जो जीवन बचा उसे अपने घर परिवार के साथ व्यतीत करें। कार्यक्रम को अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुद्रिका सिंह ने भी संबोधित किया। सेवानिवृत जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री विपिन पटेल ने कहा कि मेरे सेवाकाल कार्य के आधिकारियों एवं कर्मचारियों को जो सहयोग, प्रेम और इसने मिला वह अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों के अनुभवों को भी साझा किया। ज्ञात हो कि सेवा निवृत जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री विपिन पटेल वर्ष 1989 में शासकीय सेवक के रूप में अपना कार्यकाल प्रारंभ किया। श्री पटेल मंडला, सतना, नरसिंहपुर, सीधी, बालाघाट, अनूपपुर, शिवपुरी एवं शहडोल में वर्ष 2022 से अब तक अपने दायित्वों का सकुशल निर्वहन किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह सहित उपस्थित अधिकारियों ने सेवानिवृत्ति श्री विपिन पटेल को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्हकर भेंटकर उज्जवल भविष्य की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती एंटोनियो एक्का, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री आनंद राय सिंहा सहायक आपूर्ति नियंत्रक श्री प्रदीप द्विवेदी, श्री दिनेश प्रजापति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शुभदीप खरे ने किया।
