पुराना बायपास बना,अतिक्रमण हब’सब्जी मंडी की अव्यवस्था से बढ़ा खतरा,पार्षद ने खोला मोर्चा
Junaid Khan - शहडोल। शहर के पुराने हाईवे (बायपास) क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और सब्जी मंडी की अव्यवस्था अब गंभीर समस्या का रूप ले चुकी है। बीच सड़क पर लगने वाली दुकानों और अव्यवस्थित यातायात से आमजन की परेशानी लगातार बढ़ रही है। इस मुद्दे को लेकर वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद एवं नगर पालिका अपील समिति के सदस्य पूर्णेन्दु मिश्रा ने प्रशासन को पत्र सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्षद ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि पुराने शहडोल बायपास पर अतिक्रमण और सब्जी मंडी के बीच सड़क पर लग रही दुकानों को तत्काल हटाया जाए और पूरे क्षेत्र की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। उन्होंने कमिश्नर, कलेक्टर और मुख्य नगरपालिका अधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। चार लेन सड़क पर भी ‘अवैध कब्जा’ पार्षद ने बताया कि लल्लू सिंह तिराहे से न्यू बस स्टैंड तक का हिस्सा चार लेन सड़क निर्माण के लिए नगर पालिका को सौंपा गया था। इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) के प्रावधानों के अनुसार शहरी क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई कम से कम 30 मीटर होनी चाहिए, लेकिन हकीकत में सड़क की सीमाओं पर अतिक्रमण कर निजी होटल और अन्य व्यवसायिक गतिविधियां वर्षों से संचालित हो रही हैं। जाम, हादसे और अराजकता का गढ़ क्षेत्र में दिनभर वाहनों का भारी जमावड़ा लगा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी यहां आम बात हो गई है, जिससे सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। बीच सड़क बाजार, आमजन बेहाल सब्जी मंडी के नाम पर बीच सड़क पर दुकानें सज जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने विशेष रूप से इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन पर उठे सवाल स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि जब नियम स्पष्ट हैं और शिकायतें बार-बार की जा चुकी हैं, तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? पार्षद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो जनहित में आंदोलन भी किया जा सकता है। मांगें क्या हैं?
सड़क किनारे और बीच में लगे सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं। सब्जी मंडी को व्यवस्थित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए स्थायी प्लान लागू किया जाए। सुरक्षा और निगरानी के लिए पुलिस की नियमित व्यवस्था हो। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक संज्ञान लेता है या फिर यह समस्या यूं ही शहर की परेशानी बनी रहती है।
