अमरकंटक में गूंजेगी OBC समाज की आवाज,राष्ट्रीय OBC संगम में जुटेंगे देशभर के विचारक

अमरकंटक में गूंजेगी OBC समाज की आवाज,राष्ट्रीय OBC संगम में जुटेंगे देशभर के विचारक 


Junaid Khan - शहडोल। अमरकंटक मध्यप्रदेश की पवित्र नगरी अमरकंटक एक बार फिर सामाजिक चेतना और संगठनात्मक शक्ति का केंद्र बनने जा रही है। अखिल भारतीय तेली महासभा के तत्वावधान में 16 एवं 17 मई 2026 को “राष्ट्रीय OBC संगम” का भव्य आयोजन क्रांतिभूमि धारकुंडी, अमरकंटक में किया जा रहा है। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से OBC समाज के विचारक, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समुदाय के अधिकारों, सामाजिक भागीदारी, शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व एवं भविष्य की रणनीतियों पर व्यापक चर्चा करना है। कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय तेली महासभा मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम आस्तोलिया करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष श्री आस्तोलिया ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह सम्मेलन OBC समाज को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए एकजुट करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मेलन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देने का अभियान है। समाज की भागीदारी ही इसकी सबसे बड़ी ताकत होगी। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में सामाजिक न्याय, आरक्षण, शिक्षा, स्वरोजगार, राजनीतिक भागीदारी एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी। साथ ही समाज के युवाओं को नेतृत्व और संगठनात्मक शक्ति के प्रति प्रेरित करने का भी प्रयास किया जाएगा। अमरकंटक की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक भूमि पर आयोजित यह राष्ट्रीय संगम OBC समाज के लिए एक नई ऊर्जा और नई सोच का संदेश लेकर आएगा। आयोजकों ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं बुद्धिजीवियों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।

Previous Post Next Post