नगरपालिका के पूर्व सीएमओ पर गंभीर आरोप, 52 महत्वपूर्ण फाइलें वापस नहीं करने से विकास कार्य प्रभावित

नगरपालिका के पूर्व सीएमओ पर गंभीर आरोप, 52 महत्वपूर्ण फाइलें वापस नहीं करने से विकास कार्य प्रभावित


Junaid Khan - शहडोल। नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल ने तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पर कार्यालय की 52 महत्वपूर्ण फाइलें वापस नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर शहडोल को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अध्यक्ष द्वारा 18 जून 2026 को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आदेश के तहत श्री निशांत सिंह ठाकुर ने 3 जून 2026 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी का पदभार ग्रहण किया था। वहीं तत्कालीन सीएमओ श्रीमती आशा मेहरा (भण्डारी) को कार्यमुक्त कर दिया गया था।

पत्र के अनुसार, कार्यभार परिवर्तन के दौरान तत्कालीन सीएमओ के पास कार्यालय की 52 महत्वपूर्ण फाइलें लंबित थीं, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया गया है। वर्तमान सीएमओ द्वारा 10 जून 2026 को वरिष्ठ कार्यालय को इसकी जानकारी दी गई थी तथा संबंधित अधिकारी को व्हाट्सएप के माध्यम से भी फाइलें उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक फाइलें प्राप्त नहीं हुई हैं। नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि इन फाइलों में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, सोन वर्षा उद्यान निर्माण, डोर-टू-डोर वेस्ट मैनेजमेंट, विभिन्न निर्माण कार्यों, निविदाओं, सामग्री क्रय तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। फाइलें उपलब्ध न होने के कारण कई विकास कार्यों और कार्यालयीन प्रक्रियाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित निर्माण कार्यों से जुड़ी नई निविदाएं जारी करने सहित अन्य प्रशासनिक कार्य भी फाइलों के अभाव में प्रभावित हो रहे हैं। अध्यक्ष ने कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी कर फाइलें वापस दिलाने और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Previous Post Next Post