राहुल गांधी के जन्मदिवस पर युवा कांग्रेस का 'सरोकार,आदिवासी बच्चों के बीच बंटी शिक्षा की रोशनी, युवाओं ने किया रक्तदान
Junaid Khan - शहडोल। शहडोल में दिखा राजनीति का मानवीय चेहरा; जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम और प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला की अगुवाई में सेवा कार्य से मनाया नेता प्रतिपक्ष का जन्मदिन। शहडोल। राजनीति जब केवल नारों और रैलियों से आगे बढ़कर सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ती है, तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। ऐसा ही कुछ नजारा जिला मुख्यालय के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में देखने को मिला, जहां देश के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस को युवा कांग्रेस ने एक उत्सव के रूप में मनाया। अमूमन राजनीतिक आयोजनों में होने वाले तड़क-भड़क और फिजूलखर्ची से दूर, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आदिवासी मोहल्ले के मासूम बच्चों के बीच पहुंचकर केक काटा और खुशियां बांटीं। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर तैरती मुस्कान ने इस आयोजन की सार्थकता को सिद्ध कर दिया। युवा कांग्रेस के इस सेवाभावी कदम की न केवल प्रबुद्ध वर्ग, बल्कि स्थानीय प्रशासन ने भी सराहना की है, क्योंकि ऐसे जमीनी प्रयास प्रशासन के 'समान शिक्षा और सर्वांगीण विकास' के दावों को धरातल पर मजबूत करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
शिक्षा की कॉपियों से संवरेगा भविष्य,वक्ताओं ने रेखांकित किए राहुल के विचार
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए पुस्तकें, कॉपियां और अन्य पठन-सामग्री वितरित की गई। इस सेवा यज्ञ में मुख्य रूप से उपस्थित प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला, विधानसभा अध्यक्ष शेख शाजिल, ब्लॉक अध्यक्ष प्रियांशु चौबे और सुहैल आलम सहित तमाम पदाधिकारियों ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी का पूरा जीवन शिक्षा, सामाजिक न्याय और गरीब, आदिवासी व शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन पर इन नौनिहालों के बीच पहुंचकर शिक्षा की अलख जगाना, उनके विचारों को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाने का एक श्लाघनीय प्रयास है। शिक्षा सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा माहौल उत्साह से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी वरिष्ठों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज में शिक्षा के महत्व को सर्वोपरि बताया।
रक्तदान से पेश की मिसाल,अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन ने भी थपथपाई पीठ
इस सेवा पर्व का दूसरा सबसे प्रभावी और अनुकरणीय पहलू तब सामने आया, जब युवा कांग्रेस की टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान जैसा महादान किया। जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम एवं प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वतः स्फूर्त होकर ब्लड बैंक में रक्तदान किया, ताकि संकट के समय किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सके। इस पुनीत कार्य में अभिषेक शुक्ला, अनुपम गौतम, प्रभात शुक्ला, शेख साजिल, सोनू चौबे, संकल्प गौतम और शाहवन खान ने सक्रिय रूप से भागीदारी कर युवाओं के सामने एक नई नजीर पेश की। स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने युवाओं के इस जज्बे की खुलकर तारीफ की है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जब राजनीतिक और सामाजिक संगठन इस तरह स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आते हैं, तो सरकारी स्वास्थ्य तंत्र को भी बड़ी मजबूती मिलती है और रक्त की कमी से होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है। युवा कांग्रेस का यह दोहरा प्रयास जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

