लोकतंत्र की हत्या का आरोप, राज्यसभा नामांकन निरस्त होने पर भड़का युवा कांग्रेस का आक्रोश, अंबेडकर चौक पर फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला

लोकतंत्र की हत्या का आरोप, राज्यसभा नामांकन निरस्त होने पर भड़का युवा कांग्रेस का आक्रोश, अंबेडकर चौक पर फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला


Junaid Khan - शहडोल। देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ शहडोल की सड़कों पर युवा कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का शंखनाद कर दिया है। राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की कद्दावर नेत्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र चुनाव आयोग द्वारा जिस कथित गलत और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से निरस्त किया गया, उसने अब एक बड़े राजनीतिक भूचाल का रूप ले लिया है। इस दमनकारी और एकतरफा कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस शहडोल के बैनर तले आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्थानीय अंबेडकर चौक पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। बीच चौराहे पर धू-धू कर जले पुतले के साथ ही कांग्रेस ने सीधे तौर पर प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ को चुनौती दे डाली है। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और युवा तुर्कों ने इस पूरी प्रक्रिया को 'लोकतंत्र की सरेआम हत्या' करार दिया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोग अब निष्पक्ष रहने के बजाय एक खास एजेंडे के तहत काम कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान जमीनी स्तर पर प्रशासनिक हठधर्मिता और अवैध राजनीतिक दबाव को चुनौती देते हुए नेताओं ने साफ कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की हर कोशिश का जवाब अब सड़कों पर दिया जाएगा। यह आंदोलन महक एक पुतला दहन नहीं, बल्कि व्यवस्था की आंखों में आंखें डालकर सवाल पूछने की शुरुआत है। इस बड़े और आक्रामक विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस और युवा कांग्रेस की पूरी शीर्ष लीडरशिप एक जाजम पर नजर आई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे, पूर्व जिलाध्यक्ष आज़ाद बहादुर सिंह, वरिष्ठ नेता श्रीनिवास शर्मा, अनूप सिंह, रामनरेश तिवारी, अनुज मिश्रा और प्रभात पांडे ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रशासन को चेतावनी दी। वहीं, युवाओं को लामबंद करते हुए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम, अभिषेक शुक्ल, आशीष तिवारी, सौरभ तिवारी, संजय पटेल, निशांत जोशी, सनी खान, सोनू चौबे, इमरान, सत्यम सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी ताकत का अहसास कराया। जिले के सियासी गलियारों में इस तीखे प्रदर्शन ने हलचल तेज कर दी है।

Previous Post Next Post