बिजली माफिया पर कड़ा प्रहार, प्रशासनिक सुस्ती को खुली चुनौती

सोहागपुर से अमलाई तक महा-अभियान,सैकड़ों अवैध कनेक्शनों का भंडाफोड़, मीटर और केबलों का जंजाल जब्त


Junaid Khan - शहडोल। बुढ़ार क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय बिजली चोरों और अवैध कनेक्शन धारकों के समानांतर साम्राज्य पर आखिरकार विद्युत विभाग ने बड़ा प्रहार किया है, जिसने स्थानीय प्रशासन की नींद और सुरक्षा दावों दोनों को गंभीर चुनौती दे दी है। सोहागपुर और अमलाई के विस्तृत भूभाग में फैले अवैध विद्युत नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विभाग ने एक सघन और आक्रामक महा-अभियान चलाया। वर्कशॉप प्रभारी अजय द्विवेदी के कुशल नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने जब तड़के इन इलाकों में दबिश दी, तो बिजली चोरी का एक संगठित और चौंकाने वाला मकड़जाल सामने आया। इस औचक कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के बिजली माफियाओं और अवैध रूप से सरकारी संसाधनों पर डाका डालने वाले रसूखदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने बिना किसी दबाव के कठोर रुख अपनाते हुए मौके से सैकड़ों की तादाद में अवैध मीटर और अवैध केबलें बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया।

चुनौती देता नेटवर्क,रेलवे कॉलोनी से छोटी अमलाई तक फैला था अवैध धंधा 

यह पूरी कार्रवाई महज़ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उस संगठित चोरी पर बड़ा तमाचा है जो प्रशासनिक नाक के नीचे सालों से फल-फूल रही थी। जांच टीम ने रणनीतिक रूप से कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर क्षेत्र, गुरुद्वारा के सामने स्थित वीआईपी इलाके, रेलवे कॉलोनी की निकली दफाई, छोटी अमलाई तथा अमलाई नंबर-3 सहित कई संवेदनशील और रिहायशी क्षेत्रों को चारों तरफ से घेरकर सघन जांच की। घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सरेआम नियमों के विरुद्ध दौड़ रही अवैध केबलों को क्रेन और तकनीशियनों की मदद से उखाड़ फेंका गया।बअधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह कार्रवाई तो महज़ एक चेतावनी है; आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक आक्रामक रूप अख्तियार करेगा। विभाग का लक्ष्य न केवल बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना है, बल्कि पर्दे के पीछे बैठे उन सफेदपोशों को भी बेनकाब करना है जो इस अवैध धंधे को संरक्षण दे रहे थे।

Previous Post Next Post