नाबालिग से छेड़खानी करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार,नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पति व सास भी पहुंचे जेल

एसपी विक्रांत मुराब के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मामलों के आरोपियों को दबोचा,आरोपियों के खिलाफ बीएनएस व पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज 


Junaid Khan - शहडोल। अनूपपुर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जहाँ एक ओर नाबालिग बालिका का रास्ता रोककर छेड़खानी करने वाले आरोपी को घटना के तुरंत बाद पीछा कर गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में दहेज प्रताड़ना के आरोपी पति और सास को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मामला कोचिंग जा रही नाबालिग से छेड़खानी, सीसीटीवी की मदद से आरोपी तुरंत गिरफ्तार बुधवार की सुबह करीब 06:00 बजे थाना कोतवाली अनूपपुर में एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका द्वारा उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़िता ने बताया कि बुधवार की सुबह जब वह कोचिंग पढ़ने के लिए रेलवे स्टेशन अनूपपुर के पास से जा रही थी, तभी एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़कर छेड़खानी करने लगा। बालिका द्वारा शोर मचाने (हल्ला करने) पर आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा कर दबोचा घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए टी.आई. कोतवाली अरविंद जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक रीतेश सिंह और आरक्षक कमलेश दांगी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से जानकारी जुटाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के तुरंत बाद आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान,प्रीतम प्रसाद कोरी पिता रामदास कोरी (उम्र करीब 30 वर्ष), निवासी ग्राम दुलहरा, थाना कोतवाली अनूपपुर। दर्ज धाराएं: पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 312/26, धारा 74, 126 (2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) एवं 7, 8 पॉक्सो (PASCO) एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया है। नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का खुलासा; दहेज लोभी पति और सास गिरफ्तार कोतवाली पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए नवविवाहिता श्रीमती हेमा वंशकार की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।

फांसी के फंदे पर मिली थी लाश विगत दिनांक 13.05.2026 को वार्ड नं. 14 पुरानी बस्ती अनूपपुर की निवासी श्रीमती हेमा वंशकार (पति राज वंशकार, उम्र करीब 21 वर्ष) द्वारा घर में फांसी लगा लेने पर उन्हें मृत अवस्था में शासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाया गया था। घटना के बाद थाना कोतवाली अनूपपुर में मर्ग क्रमांक 32/26, धारा 194 बी.एन.एस.एस. (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रभारी एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी द्वारा शुरू की गई थी।

जांच में हुआ दहेज प्रताड़ना का खुलासा एसडीओपी नवीन तिवारी द्वारा की गई गहन जांच और मृतिका के मायके पक्ष के गवाहों के बयानों में यह बात सामने आई कि शादी के बाद से ही मृतिका हेमा वंशकार को उसके पति राज वंशकार पिता श्रवण वंशकार और सास ज्योति वंशकार पति श्रवण वंशकार द्वारा दहेज के रूप में ₹2 लाख नगद तथा एक मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा था। दहेज न देने पर मृतिका के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती थी। उपरोक्त दहेज प्रताड़ना के कारण ही नवविवाहिता हेमा वंशकार की शादी के सात वर्ष के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होना पाया गया। आरोपियों का यह कृत्य अपराध की श्रेणी में आने पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 311/26, धारा 85, 80(2), 3(5) बी.एन.एस. एवं 3, 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। सुबह-सुबह पुलिस टीम ने दी दबिश बुधवार की सुबह एसडीओपी नवीन तिवारी एवं टी.आई. कोतवाली अरविंद जैन के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक शिवशंकर, महेंद्र सिंह, खेमराज मार्को और महिला आरक्षक कविता विकल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के आरोपी पति राज वंशकार एवं सास ज्योति वंशकार (दोनों निवासी वार्ड नं.14 पुरानी बस्ती अनूपपुर) को धरदबोचा और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Previous Post Next Post