पुलिस द्वारा एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रकरण में फरार आरोपी गिरफ्तार
Junaid Khan - शहदोल। थाना ब्यौहारी पुलिस को एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सफलता प्राप्त हुई है। दिनांक 03.04.2026 को थाना ब्यौहारी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बीरेश कुमार द्विवेदी उर्फ मुकेश द्विवेदी निवासी जूनिया, टोला ब्यौहारी अपने घर में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा विक्रय हेतु छिपाकर रखा है। सूचना पर विधिवत कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा उसके घर पर दबिश दी गई, जहां से 01 किलो 220 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10,980 रुपये थी, बरामद किया गया। इस संबंध में आरोपी बीरेश कुमार द्विवेदी उर्फ मुकेश द्विवेदी को मौके से गिरफ्तार कर थाना ब्यौहारी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी बीरेश कुमार द्विवेदी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सहआरोपी लालजी मिश्रा पिता ओमकरण मिश्रा, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम भोलाहरा, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल की संलिप्तता प्रकाश में आई। प्रकरण में आरोपी लालजी मिश्रा फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे थे, जिसपर तलाश के दौरान थाना ब्यौहारी पुलिस ने आरोपी लालजी मिश्रा को गिरफ्तार कर दिनांक 09.06.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। सराहनीय भूमिका : उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक जिया उल हक के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय एवं आरक्षक पंकज मेहरा की सराहनीय भूमिका रही।
