मिलावटी ईंधन का खेल,एथेनॉल की आड़ में जनता से ठगी,प्रशासन मौन

गोरतरा में पेट्रोल के नाम पर मिला 'पानी'विवाद के बाद खुला राज,जिम्मेदार बेखबर


Junaid Khan - शहडोल। जिले में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के नाम पर आम जनता को चूना लगाने और वाहनों के इंजन चौपट करने का बड़ा खेल चल रहा है। ताज़ा मामला गोरतरा स्थित पेट्रोल पंप का सामने आया है, जहाँ से 400 रुपये का पेट्रोल भरवाकर निकले एक युवक की बाइक महज़ कुछ ही दूरी पर जाकर अचानक बंद हो गई। पीड़ित युवक आबिद खान (निवासी शहडोल), जो बुढ़ार जाने के लिए निकला था, जब उसने गाड़ी की जाँच की तो टंकी से ईंधन की जगह पानी और मिलावटी घोल निकलता देख उसके होश उड़ गए। जब पीड़ित शिकायत लेकर पंप पर पहुँचा, तो कर्मचारियों ने अपनी गलती मानने के बजाय बदसलूकी और अड़ियल रवैया दिखाना शुरू कर दिया। मामला तब बढ़ा जब पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस कार्रवाई के डर से कर्मचारियों के तेवर ढीले पड़े और टंकी से खाली कराने पर लगभग आधा लीटर पानी निकला, जिसके बाद आनन-फानन में पंप प्रबंधन ने गलती स्वीकार कर बाइक में नया पेट्रोल भरवाकर मामला रफा-दफा किया। इस पूरे घटनाक्रम ने जिले में बिक रहे ईंधन की गुणवत्ता और खाद्य व नापतौल विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एथेनॉल ब्लेंडिंग का हवाला देकर पेट्रोल पंप चालक अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं और इसका सीधा नुकसान आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। पेट्रोल में पानी का मिलना सीधे तौर पर जनता की जेब पर डाका और वाहनों के साथ खिलवाड़ है। इसके बावजूद, प्रशासनिक अधिकारियों और खाद्य आपूर्ति विभाग का इस ओर कोई ध्यान न होना यह दर्शाता है कि शहडोल में पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी को किसका संरक्षण प्राप्त है? क्या जिला प्रशासन और संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे या जनता के उग्र आंदोलन का इंतजार कर रहे हैं, या फिर नियमित सैंपलिंग और जाँच प्रक्रिया सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गई है?

इनका कहना है 

इस समय जो पेट्रोल आ रहा है, उसमे यही दिक्कत सामने आ रही है,बोहोत कस्टमर परेशान हो रहे है,यहां तक कि कई मिस्त्री लोग भी आए तो उंनको हम लोग बताकर दिखाकर बताए कि अगर इस समय जो पेट्रोल आ रहा है,एथेनॉल से मिला हुआ उसमे 1 बूंद भी पानी मिला तो पूरा पेट्रोल खराब हो जाएगा। और वैसा ही यहां हुआ कस्टमर की बाइक में पहले से बरसात की वजह से पानी होगा और पेट्रोल गया तो पूरा पेट्रोल खराब हो गया। हा हमारे कर्मचारी की गलती है कि ऐसा ब्यौहार कस्टमर के साथ नही करना चाहिए,हर कस्टमर को नही पता है तो जिनको दिक्कत आती है तो जरूर बताएं समझाए,नाकि बहस लड़ाई करें,मैं कर्मचारियों को समझाऊंगा।

संकर लाल गुप्ता,मैनेजर, विसंदेसानी पेट्रोल पंप, न्यू बस स्टैंड रोड, जिला शहडोल

Previous Post Next Post