संबल योजना के तहत शहडोल जिले के 241 श्रमिक परिवारों को मिली 5 करोड़ 34 लाख रुपये की सहायता राशि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में अंतरित की राशि


Junaid Khan - शहडोल। 25 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के श्रमिक परिवारों को अनुग्रह सहायता राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबल योजना के अंतर्गत प्रदेश के 9 हजार अनुग्रह सहायता प्रकरणों में श्रमिक परिवारों को कुल 203 करोड़ रुपये की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। जिसमें शहडोल जिले के 241 हितग्राहियों के खातों में 5 करोड़ 34 लाख रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई। सहायता राशि से संबंधित श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर श्रमिक के परिवार को 4 लाख रुपये तथा सामान्य मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की जाती है। इसी प्रकार स्थायी अपंगता पर 2 लाख रुपये, आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रुपये तथा अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं।

Previous Post Next Post