सीधी पुलिस और नायब तहसीलदार की बड़ी कार्रवाई,25 मवेशी जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
Junaid Khan - शहडोल। जयसिंहनगर जिले में मवेशी तस्करी पर लगाम कसने के लिए पुलिस और प्रशासन ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीधी थाना पुलिस और जयसिंहनगर के नायब तहसीलदार ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 नग मवेशियों (पड़ा/भैंस) को जब्त किया है। इस छापामार कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीधी थाना पुलिस क्षेत्र भ्रमण पर निकली थी। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि ओदारी नदी के जंगल के पास कुछ लोग बड़ी संख्या में मवेशियों को अवैध रूप से पैदल हांक कर ले जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम और जयसिंहनगर नायब तहसीलदार ने तुरंत एक संयुक्त टीम का गठन कर इलाके की घेराबंदी की। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि तस्कर 25 मवेशियों को पैदल ले जा रहे थे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी मवेशियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जब्त कर लिया और तस्करों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है - रामलखन जोगी (निवासी छपरा टोला - थाना सीधी) रामचरित अहिरवार (निवासी कुदरी - थाना सीधी),जानकी जोगी (निवासी छपरा टोला, थाना सीधी)फिलहाल, सीधी थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण और तस्करी से जुड़ी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना का पता लगाया जा सके। पुलिस और प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है।
