अतिक्रमण पर पुलिस का तगड़ा वार,व्यवस्था सुधारने सड़कों पर उतरा अमला

लापरवाहों को दी सख्त चेतावनी, जनता से भी यातायात नियम पालन की अपील


Junaid Khan - शहडोल। नगर की चरमराती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और कानून व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देशन में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर की सड़कों पर उतरकर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान, डीएसपी मुख्यालय, राजेंद्र मोहन द्विवेदी, कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी, यातायात प्रभारी संजय जायसवाल एवं भारी पुलिस बल ने नगर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और बाजार क्षेत्रों का भ्रमण किया। टीम ने मुख्य मार्गों पर फल-फूल रहे अवैध अतिक्रमण, बिना वजह खड़े वाहनों और यातायात में बाधक बन रही अन्य अव्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर ही दुकानदारों और वाहन चालकों को सख्त लहजे में हिदायत देते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। प्रशासन की इस मुस्तैदी और जनहित में उठाए गए त्वरित कदमों की आम जनता जमकर सराहना कर रही है। एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस विभाग की इस सक्रियता ने यह साबित कर दिया है कि शहर की सुरक्षा और सुगम यातायात के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, दूसरी ओर प्रशासन की इस सख्ती के बावजूद कुछ असामाजिक तत्व, सिरफिरे वाहन चालक और नियम तोड़ने वाले व्यापारी लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, जिन पर अब पुलिस का चाबुक चलना तय माना जा रहा है। अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जो लोग बार-बार समझाने के बाद भी सड़कों पर अतिक्रमण कर रहे हैं या यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना केवल प्रशासन का ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों का भी नैतिक कर्तव्य है, इसलिए जनता को भी जागरूक होकर पुलिस और सरकार की इस बेहतर पहल में अपना सहयोग देना होगा।

Previous Post Next Post