सीईओ जिला पंचायत ने जनसुनवाई में सुनी लोगों की समस्याएं, शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। 04 अगस्त 2026 कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सोन सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम पंचायत पोंगरी निवासी बब्बू बैगा ने प्राथमिक शाला बैगान टोला के नवीन भवन निर्माण, शहडोल नंबर 8/6 निवासी सुभाष गुप्ता ने राशन दिलाए जाने, ग्राम मौहार टोला निवासी रामसुहान गौतम ने रास्ते से अतिक्रमण हटाए जाने, शहडोल निवासी विजयपाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने तथा पुरानी बस्ती शहडोल निवासी देवदास चौधरी ने गरीबी रेखा राशन कार्ड में नाम जुड़वाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अन्तोनिआ एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
