सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने बच्चों से किया आत्मीय संवाद,स्थानीय भाषा में जवाब सुनकर मुस्कुराए
Junaid Khan - शहडोल। 22 अगस्त 2026 ग्राम पंचायत कर्री स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल का बच्चों के प्रति आत्मीय और सहज अंदाज देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुछ समय बच्चों के बीच बैठे और उनसे बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बच्चों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी में लगे चार्ट की ओर इशारा करते हुए उस पर बने भैंस के चित्र को दिखाकर बच्चों से पूछा कि यह क्या है। कलेक्टर के सवाल पर बच्चों ने अपनी स्थानीय भाषा में जवाब दिया, कि यह पड़ा है। यह बात उन्हें समझ में नहीं आई पास ही खड़े लोगों ने बताया कि स्थानीय बोली में भैंस के बच्चे को पड़ा बोला जाता है। जिसे सुनकर कलेक्टर भी मुस्कुरा उठे। इसके बाद कलेक्टर ने बच्चों को बताया कि इसे ‘भैंस’ कहते हैं। बच्चों और कलेक्टर के बीच हुए इस सहज संवाद से आंगनबाड़ी केंद्र का माहौल खुशनुमा हो गया। कलेक्टर ने बच्चों से इसी तरह बातचीत करते हुए उनकी सीखने की क्षमता और सामान्य ज्ञान को परखा तथा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने बच्चों ने आंगनवाड़ी में होने वाली प्रार्थना तथा अक्षर ज्ञान चित्र के माध्यम से फल, सब्जियों एवं पशुओं के नाम की भी जानकारी ली। बच्चों द्वारा सभी प्रश्नों का सकारात्मक उत्तर दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के वजन एवं लम्बाई की भी माप कराई तथा पंजी में दर्ज वजन एवं माप का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल का बच्चों के साथ यह आत्मीय संवाद न केवल बच्चों के लिए उत्साहजनक रहा, बल्कि आंगनबाड़ी केंद्र में सीखने और संवाद के माहौल को भी सहज एवं आनंदमय बन गया।
प्रदेश सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले की 500 सक्षम आंगनवाड़ी केन्द्रों में एलईडी टीवी के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा देने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु वाटर प्यूरीफायर तथा पोषण आहार में सब्जी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु पोषण वाटिका का भी निरीक्षण किया।

