नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे दो भाई,दोनों की मौत

नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे दो भाई,दोनों की मौत 


Junaid Khan - शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट के पास दफाई में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तालाबनुमा गड्ढे में नहाने उतरे दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची अमलाई पुलिस ने दोनों बच्चों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। जानकारी के अनुसार पुरानी अमराडंडी निवासी विक्रम सिंह गोंड के बेटे विवेक सिंह गोंड (14) और बारिश सिंह गोंड (10) खेलते-खेलते दफाई स्थित पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गए। दोनों नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान विवेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को बचाने के प्रयास में बारिश भी पानी में उतर गया, लेकिन वह भी गहराई में जाकर डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की जानकारी घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। दोनों बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Previous Post Next Post