अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्यवाही, अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं ड्रोजरयुक्त ट्रैक्टर सहित कुल ₹10.03 लाख का मशरूका जप्त
Junaid Khan - शहडोल। पुलिस द्वारा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु थाना ब्यौहारी पुलिस द्वारा दिनांक 07.09.2026 को अवैध रेत के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई। दिनांक 07.09.2026 को थाना ब्यौहारी पुलिस टीम द्वारा मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बनासी नदी में नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर, जिसमें आगे की ओर रेत लोड करने हेतु ड्रोजर लगा हुआ है, से अवैध रेत निकालकर आयसर ट्रैक्टर की पीले रंग की ट्रॉली में लोड की जा रही है। सूचना पर तत्काल ब्यौहारी पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर अवैध रेत लोड कर रहे दोनों ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर नदी किनारे जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा मौके पर दोनों वाहनों का निरीक्षण किया गया, जिसमें आयसर ट्रैक्टर की ट्रॉली में अवैध रेत भरी हुई पाई गई तथा नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर में रेत उत्खनन एवं लोडिंग हेतु जेसीबी टाइप ड्रोजर लगा हुआ पाया गया। पुलिस द्वारा मौके पर पंचों की उपस्थिति में दोनों ट्रैक्टरों एवं अवैध रेत को विधिवत जप्त किया गया। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹10,03,000/- है। जप्त वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया तथा जप्त रेत को नियमानुसार सुरक्षित किया गया। प्रकरण में अज्ञात वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 303 (2) बीएनएस, धारा 4/21 खनिज अधिनियम एवं धारा 39/192 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार वाहन चालकों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जप्त मशरूका। आयसर ट्रैक्टर मय पीले रंग की ट्रॉली एवं अवैध रेत। सोनालिका ट्रैक्टर मय जेसीबी टाइप ड्रोजर। कुल अनुमानित कीमत – ₹10,03,000/- सराहनीय भूमिका - उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी ब्यौहारी के निर्देशन में, सउनि राजेन्द्र द्विवेदी, प्रआर. महेन्द्र पाल शुक्ला, आरक्षक पंकज मेहरा, आरक्षक अभिषेक तिवारी एवं आरक्षक 433 ऋषभ शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
