ब्यौहारी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते हाइवा जब्त
Junaid Khan - शहडोल। 07 सितंबर 2026- कलेक्टर शहडोल के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा ब्यौहारी क्षेत्र में रेत के अवैध खनन एवं परिवहन की जांच की गई। जिला खनिज अधिकारी श्री राहुल शांडिल्य ने बताया कि जांच के दौरान खनिज अमले ने नीले रंग के टाटा प्राइमा हाइवा वाहन को रेत खनिज का परिवहन करते हुए देखा। वाहन पर पंजीयन क्रमांक अंकित नहीं था। खनिज अमले द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक वाहन को भगाकर ग्राम बाणसागर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने खड़ा कर मौके से फरार हो गया। मौके पर वाहन के चेचिस नंबर MAT714302S3E15444 के आधार पर वाहन का पंजीयन क्रमांक सर्च किया गया, जिसमें वाहन का पंजीयन क्रमांक MP 17 ZQ 7711 पाया गया। इसके पश्चात वाहन क्रमांक के आधार पर खनिज विभाग के पोर्टल पर रेत परिवहन से संबंधित ई-टीपी एवं रॉयल्टी की जानकारी जांची गई। जांच में उक्त वाहन के लिए कोई ई-टीपी अथवा रॉयल्टी जारी होना नहीं पाया गया। वाहन चालक के मौके से फरार हो जाने के कारण वाहन को थाने ले जाने में कठिनाई हुई। लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद एक अन्य चालक की सहायता से वाहन को चालू कराकर थाना देवलोंद की अभिरक्षा में दिया गया। खनिज विभाग द्वारा वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है। प्रकरण में खनिज नियमों के तहत अवैध परिवहन का मामला तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय शहडोल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उक्त कार्रवाई सहायक खनि अधिकारी अभिषेक पटले द्वारा खनिज अमले की उपस्थिति में की गई।
